दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पलटा चीनी से भरा ट्रक, ड्राइवर को नींद आने से हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, यह ट्रक दिल्ली से मुंबई की ओर जा रहा था और इसमें चीनी सामान के कट्टे भरे हुए थे। एक्सप्रेसवे के पिलर संख्या 221 के पास पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण ट्रक बेकाबू होकर पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पचवारा थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे की सेफ्टी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आईं। सेफ्टी टीम ने क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा करवाकर सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया।
समय रहते राहत एवं बचाव कार्य होने से एक्सप्रेसवे पर यातायात अधिक देर तक प्रभावित नहीं हुआ। इस त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

