नाथद्वारा में सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने की जनसुनवाई: लालबाग ओवरब्रिज का मुद्दा उठा15 दिन का दिया अल्टीमेटम
नाथद्वारा:राजस्थान
राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने शनिवार को नाथद्वारा में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। जनसुनवाई केंद्र पर बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं, जिस पर सांसद ने कई मामलों में मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
ओवरब्रिज निर्माण को लेकर मिला अल्टीमेटम, सांसद ने दिया आश्वासन
जनसुनवाई के दौरान लालबाग संघर्ष समिति ने नेशनल हाईवे पर लंबित ओवरब्रिज निर्माण का गंभीर मुद्दा उठाया। समिति ने रोष जताते हुए बताया कि लंबे समय से निर्माण कार्य शुरू न होने के कारण क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे हैं। समिति ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे बड़ा आंदोलन करने को विवश होंगे।
इस पर सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे आगामी दो दिनों के भीतर इस परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर (PD) से खुद चर्चा करेंगी और इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान निकलवाने का प्रयास करेंगी।
कार्यकर्ताओं की बैठक में केंद्र की योजनाओं और सोशल मीडिया पर चर्चा
जनसुनवाई के उपरांत सांसद ने भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों तथा विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सांसद ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर हमेशा संयमित भाषा का प्रयोग करें तथा केवल पुख्ता तथ्यों के आधार पर ही अपनी बात जनता के सामने रखें।

