माउंट आबू में पत्रकार पर हमले के विरोध में उदयपुर में भी उठी आवाज, पत्रकार संगठनों ने सौंपा ज्ञापन
उदयपुर।(मुकेश मेनारिया) माउंट आबू में हाल ही में एक पत्रकार पर हुए हमले को लेकर उदयपुर जिले के पत्रकारों में भी गहरा रोष देखने को मिला। जिले के विभिन्न पत्रकार संगठनों ने एकजुट होकर इस घटना की निंदा की और उदयपुर एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पत्रकारों ने मांग की कि माउंट आबू में पत्रकार पर हमला करने वाले दोषियों को तत्काल निलंबित किया जाए तथा मामले में निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई हो। पत्रकार संगठनों ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए कहा कि यदि ऐसे मामलों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े हो जाएंगे।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ पत्रकार, संगठन प्रतिनिधि तथा मीडियाकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता पर बल दिया और चेताया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यभर में आंदोलन की चेतावनी दी जाएगी।

