विद्यार्थियों ने संभाली कमान, शिक्षकों को किया नमन: माताभर के राजकीय स्कूल में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। समीपवर्ती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माताभर में शिक्षक दिवस का पर्व अभूतपूर्व उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने एक दिन के लिए विद्यालय की पूरी व्यवस्था संभालकर शिक्षकों के प्रति अपने आदर और कृतज्ञता की अनूठी मिसाल पेश की।
प्रातःकालीन प्रार्थना सभा से लेकर दिनभर की समस्त शैक्षणिक व प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन छात्र-छात्राओं ने किया। संस्था प्रधान श्रवणराम स्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक दिवसीय संस्था प्रधान (प्राचार्य) की भूमिका में छात्रा योगिता तथा उप-प्राचार्य बनी तराना ने अपनी 'विद्यार्थी-शिक्षक' टीम का कुशल नेतृत्व किया। छात्र-शिक्षकों ने पूरी निष्ठा के साथ कक्षाओं में अध्यापन, अनुशासन व निरीक्षण की जिम्मेदारी निभाई।
मंच पर आयोजित मुख्य समारोह के दौरान भारत के पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन-दर्शन और शिक्षा क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को याद किया गया। छात्र-छात्राओं ने गुरु वंदना, श्लोक वाचन, भाषण, प्रेरणादायक कविताओं एवं शायरी के माध्यम से मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया।
समारोह के समापन पर विद्यार्थियों ने अपनी भावभीनी परंपरा निभाते हुए गुरुजनों एवं समस्त विद्यालय कार्मिकों का चरण वंदन किया। छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों को सम्मान स्वरूप कलम, कलमदान, मिठाई एवं उपहार भेंट कर उनसे उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्राप्त किया।

