नट बाबा व सती माता धाम पर गूंजी धार्मिक कथाएं: ढांचा दंगल में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भंडारे में लिया प्रसादी का आनंद
सकट / अलवर । क्षेत्र के देवती राम सागर बांध के पास काली पहाड़ी की तलहटी में स्थित नट बाबा एवं सती माता स्थान पर भक्ति और लोक कला का भव्य संगम देखने को मिला। गुवाल बाल सेवा समिति के तत्वाधान में स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से एकदिवसीय ढांचा दंगल एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
पौराणिक कथाओं से बांधा समां आयोजित ढांचा दंगल में मशहूर गायक कलाकार सुरेश भांडारेज, कृपाल मीणा तथा सुरेंद्र सकट एंड पार्टी के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने राजा भर्तृहरि, सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण एवं रामायण व महाभारत के प्रसंगों पर आधारित पौराणिक कथाएं सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान नृत्यांगनाओं ने भजनों की धुनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु दंगल के साथ-साथ आयोजित विशाल भंडारे में सकट, मंडावरी, देवती, नारायणपुर और राजपुर बड़ा सहित अनेक गांवों से आए श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।
इस धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन के दौरान धीरेंद्र हेम सिंह भड़ाना, जिला परिषद सदस्य राजेंद्र तिवाड़ी, हरिओम यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल जैन, मदनलाल सैनी, कल्याण मीणा, नाथू सैनी, बाबूलाल गुर्जर, रामजीलाल सैनी, प्रकाश सैनी, विश्राम मीणा और रामप्रसाद मीणा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

