लक्ष्मणगढ़ में चढ़ा चुनावी पारा: प्रत्याशियों ने किया चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन, 11 सितंबर को मतदान
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन । नगर निकाय चुनावों के तहत मतदान की तारीख नजदीक आते ही लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 11 सितंबर को होने वाले मतदान से पहले बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों में चुनाव प्रचार कार्यालयों का उद्घाटन कर प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है।
फीता काटकर किया कार्यालयों का शुभारंभ रविवार को विभिन्न वार्डों में प्रत्याशियों ने वरिष्ठ नेताओं और समर्थकों की मौजूदगी में कार्यालयों का शुभारंभ किया:
-
वार्ड नंबर 11: भाजपा प्रत्याशी पुष्पा गुप्ता के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन वरिष्ठ नेता बदलूराम मीणा, भाजपा नेता ईश्वर नकड़ा एवं मंडल अध्यक्ष संजीव कटारा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
-
वार्ड नंबर 9: भाजपा प्रत्याशी नीलम खंडेलवाल के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान अतिथियों एवं वरिष्ठ मतदाताओं का साफा बांधकर सम्मान किया गया।
-
वार्ड नंबर 7: निर्दलीय प्रत्याशी दाऊद खान खेलदार ने भी समर्थकों के साथ अपने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया।
शक्ति प्रदर्शन और डोर-टू-डोर जनसंपर्क की रणनीति कार्यालयों के उद्घाटन के अवसर पर प्रत्याशियों ने समर्थकों की भीड़ जुटाकर अपनी-अपनी जीत का दावा किया। उद्घाटन समारोह के बाद वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर बूथ प्रबंधन तथा आगामी दिनों में घर-घर जाकर जनसंपर्क करने की रणनीति तैयार की जा रही है। शहर के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में रिझाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं।

