रैणी में ज्वैलर्स की दुकान के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास, सीसीटीवी में कैद हुए चार बदमाश
राजगढ़/अलवर (अनिल गुप्ता)। रैणी कस्बे के जैन गली स्थित 'अग्रवाल ज्वैलर्स' की दुकान को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाने की कोशिश की। चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन ताले मजबूत होने के कारण वे अपने मंसूबों में नाकाम रहे और बड़ी वारदात टल गई।
पड़ोसियों के घरों की बाहर से लगाई कुंडी दुकान मालिक जितेंद्र अग्रवाल ने बताया कि शातिर चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले आसपास के पड़ोसियों के मकानों की बाहर से कुंडी लगा दी थी, ताकि आहट होने पर भी कोई बाहर न आ सके। इसके बाद बदमाशों ने शटर और ताले तोड़ने का प्रयास किया। गनीमत रही कि ताले नहीं टूटे और चोर बिना चोरी किए ही मौके से भाग निकले।
सीसीटीवी में दिखे चार संदिग्ध, पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। दुकान व आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने पर कुल चार संदिग्ध बदमाश शटर तोड़ने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।

