अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए मतदान दल; आत्म विश्वास और पारदर्शिता के साथ निभाएं निर्वाचन दायित्व-जिला निर्वाचन अधिकारी

Sep 8, 2026 - 18:31
 0
अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए मतदान दल; आत्म विश्वास और पारदर्शिता के साथ निभाएं निर्वाचन दायित्व-जिला निर्वाचन अधिकारी

भरतपुर, (कौशलेन्द्र दतात्रेय) नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत 9 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को भरतपुर नगर निगम क्षेत्र 65 वार्डों के 201 मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद रवाना हुए। राजकीय महिला महाविद्यालय पॉलिटेक्निक में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने मतदान कार्मिकों को निर्वाचन दायित्व पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदान अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करें तथा मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं हो तथा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहें। किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि सामने आने पर तत्काल संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट को सूचित करें। उन्होंने मतदान कार्मिकों को निर्देश दिए कि मतदान दिवस पर निर्धारित समय पर मॉकपोल सुनिश्चित करने के बाद सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया प्रारम्भ कराएं, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। सभी मतदान कार्मिक अपने निर्धारित मतदान केन्द्र पर मौजूद रहकर पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी से दायित्व निभाएं। 
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा ने मतदान केन्द्रों पर आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रत्याशी के पोस्टर, बैनर अथवा अन्य प्रचार-प्रसार सामग्री मतदान केन्द्र परिसर में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस की शुरुआती व्यवस्थाएं पूरे दिन की मतदान प्रक्रिया की दिशा तय करती हैं, इसलिए निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार प्रत्येक कार्य पूरी सावधानी एवं सतर्कता से किया जाए।
निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता-
नगर निगम चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी रिछपाल सिंह बुरड़क ने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दायित्व है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नियमों, दिशा-निर्देशों एवं आदेशों का गंभीरता से अध्ययन कर पूर्ण सतर्कता एवं सावधानी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक चुनाव की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उच्च अधिकारी को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। सभी मतदान दल पूरी तरह तैयार रहें और आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करें।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एडीएम शहर राहुल सैनी ने कहा कि मतदान दल लोकतंत्र के महापर्व का सफल संचालन सुनिश्चित करें तथा निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं निष्पक्ष निर्वाचन सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की निर्वाचन व्यवस्था विश्व में अपनी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के लिए जानी जाती है। मतदान कार्मिक इसी भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदान कार्मिकों को किसी भी व्यक्ति का आतिथ्य स्वीकार नहीं करने तथा निर्वाचन की निष्पक्षता, गोपनीयता एवं पवित्रता बनाए रखने के निर्देश दिए। 
मॉकपोल एवं मशीन सीलिंग प्रक्रिया की दी जानकारी-
अंतिम प्रशिक्षण में सेक्टर प्रभारी सहित सभी मतदान दल अधिकारियों को मॉकपोल, ईवीएम संचालन, मशीन की सीलिंग प्रक्रिया तथा मतदान दिवस पर किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने मतदान अधिकारियों को उनके कर्तव्य एवं दायित्वों के बारे में विस्तार से बताया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बीप की आवाज सुनाई दी, समझो मतदान हो गया-
प्रशिक्षकों ने मतदान दलों को ईवीएम एवं वीवीपेट की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि मतदान केन्द्र पर मतदाता वोटिंग कंपार्टमेंट में जाकर अपनी पसंद के प्रत्याशी के सामने ईवीएम का बटन दबाएगा। बटन दबाने के बाद मशीन से ‘बीप’ की आवाज सुनाई देगी। बीप की आवाज आने के साथ ही मतदाता का मतदान पूर्ण माना जाएगा। इसके साथ ही वीवीपेट पर मतदान पर्ची कुछ समय के लिए प्रदर्शित होगी, जिससे मतदाता अपने मत की पुष्टि कर सकेगा।
उत्साहपूर्वक मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए मतदान दल-
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में मंगलवार सुबह अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल उत्साहपूर्वक अपने-अपने मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए। मतदान कार्मिकों ने ईवीएम मशीन एवं निर्वाचन सामग्री को सुरक्षित रूप से संभालते हुए बसों तक पहुंचाया और निर्धारित वाहनों से मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए। प्रथम पारी में भरतपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए मतदान दल संख्या 1 से 100 तथा रिजर्व मतदान दल संख्या 222 से 244 रवाना हुए। वहीं दूसरी पारी में मतदान दल संख्या 101 से 201 तथा रिजर्व मतदान दल संख्या 202 से 221 को मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।
इस दौरान बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, चुनाव प्रकोष्ठ प्रभारी आईएएस भानु शर्मा, सहायक कलक्टर आईएएस आलोक सिंह, एसडीएम भरतपुर भारती गुप्ता, कोषाधिकारी लोकेन्द्र सिंह, प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण व डीआईजी स्टाम्प मुनिदेव यादव, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र गोपालिया, चुनाव विभाग के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी हेमंत कुमार, सहायक प्रभारी प्रशिक्षण ओमप्रकाश खुण्टेला, डीएलएमटी कर्मवीर सिंह, डॉ. दिलीप गर्ग, मनोज रैंकवार सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क ll बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................ मौजूदा समय में डिजिटल मीडिया की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। आलम तो यह है कि हर कोई डिजिटल मीडिया से जुड़ा रहना चाहता है। लोग देश में हो या फिर विदेश में डिजिटल मीडिया के सहारे लोगों को बेहद कम वक्त में ताजा सूचनायें भी प्राप्त हो जाती है ★ G Express News के लिखने का जज्बा कोई तोड़ नहीं सकता ★ क्योंकि यहां ना जेक चलता ना ही चेक और खबर रुकवाने के लिए ना रिश्तेदार फोन कर सकते औऱ ना ही ओर.... ईमानदार ना रुका ना झुका..... क्योंकि सच आज भी जिंदा है और ईमानदार अधिकारी आज भी हमारे भारत देश में कार्य कर रहे हैं जिनकी वजह से हमारे भारतीय नागरिक सुरक्षित है