नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मतदान को लेकर भरतपुर पुलिस मुस्तैद
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत दिनांक 09 सितम्बर, 2026 को नगर निगम भरतपुर, नगरपालिका रुपवास एवं नगरपालिका भुसावर में होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए भरतपुर पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 08 सितम्बर, 2026 को पॉलिटेक्निक कॉलेज, भरतपुर में जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना (आईपीएस) द्वारा नगरीय निकाय चुनाव ड्यूटी में नियोजित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की विशेष ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक ने चुनाव ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना, निष्पक्षता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी निर्वहन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। अतः चुनाव ड्यूटी में तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं सजगता के साथ निभाए। मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार के दबाव, पक्षपात अथवा अनुचित प्रभाव से मुक्त रहकर कानून के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।“
सुरक्षा व्यवस्था एवं ड्यूटी को लेकर दिए प्रमुख निर्देश-
जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा ब्रीफिंग के दौरान मतदान केन्द्रों एवं उनके आसपास पर्याप्त पुलिस जाप्ते की तैनाती, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष सतर्कता तथा मतदान दिवस पर पुलिस अधिकारियों को लगातार प्रभावी गश्त एवं निगरानी बनाए रखने के चुनाव ड्यूटी में नियोजित पुलिस बल को निर्देशित किया कि-
- ▫️प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी एवं दायित्वों को भली-भांति समझकर निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहे तथा मतदान दल, पीठासीन अधिकारी एवं संबंधित विभागीय कार्मिकों के साथ समुचित समन्वय बनाए रखते हुए, पूर्ण सजगता केे साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें तथा मतदान केन्द्रों पर कानून-व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जाए।
- ▫️चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस अधिकारी व जवान पूरी तरह निष्पक्ष रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के पक्ष-विपक्ष में कोई भी विचार व्यक्त नहीं करेंगे।
- ▫️मतदान केन्द्र के भीतर एवं आसपास निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रतिबंधित गतिविधियों की प्रभावी पालना करवाई जाए।
- ▫️आमजन एवं मतदाताओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए उन्हें निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए।
- ▫️किसी भी मतदान केन्द्र पर भीड़ अथवा विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित मोबाइल पार्टी एवं पर्यवेक्षण अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर जोनल/एरिया मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति को नियंत्रित करेंगे।
- ▫️ब्रीफिंग में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित किया गया कि मतदान प्रारम्भ होने से लेकर मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम के सुरक्षित रूप से संग्रहण केन्द्र तक पहुंचने तक क्षेत्र में सतत निगरानी एवं गश्त रखी जाए। कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए।
- ▫️सभी पुलिसकर्मियों को यह भी निर्देशित किया गया कि चुनाव ड्यूटी के दौरान पूर्ण अनुशासन, निष्पक्षता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया की पवित्रता एवं विश्वसनीयता बनाए रखें। चुनाव ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग केवल अति आवश्यक परिस्थितियों में किया जाए।
- ▫️जिला पुलिस अधीक्षक महोदय ने समस्त पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से अपिल कि की सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष मतदान संपन्न करवाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
वरिष्ठ अधिकारियों को सतत निगरानी के निर्देश-
जिला पुलिस अधीक्षक ने चुनाव ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए मतदान केन्द्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहें तथा किसी भी प्रकार की समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध, उसकी स्थिति अथवा राजनीतिक संबद्धता की परवाह किए बिना, विधि सम्मत एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
मतदाताओं से शांतिपूर्ण मतदान की अपील-
जिला पुलिस अधीक्षक ने जिलावासियों एवं समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें व चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि एवं आपात स्थिति की सूचना जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष भरतपुर के टेलीफोन नम्बर- 05644-222570, 223929, 9530411127, 9530411128 एवं 100 पर देसकते है।
उन्होंने ने आमजन से यह भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देवें।
भरतपुर पुलिस द्वारा नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। मतदान दिवस पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है।

