राज पब्लिक स्कूल ने 70वीं जिला खेलकूद प्रतियोगिता में रचा इतिहास: 55 पदकों के साथ बना जिला चैंपियन, नगर में निकली भव्य चैंपियंस रैली
मकराना/मोहम्मद शहजाद
मंगलाना रोड स्थित राज पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता (सत्र 2026-27) में शानदार प्रदर्शन करते हुए समूचे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में कुल 55 पदक जीतकर 17 वर्ष बालक वर्ग एथलेटिक्स में जिला चैंपियन की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर विद्यालय के 16 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।
किशोर का शानदार प्रदर्शन, बने 'डिस्ट्रिक्ट बेस्ट एथलीट'
विद्यालय के होनहार एथलीट किशोर (पुत्र खेताराम एवं रामादेवी) ने प्रतियोगिता में अद्भुत खेल कौशल दिखाते हुए 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद स्पर्धा में तीन स्वर्ण पदक जीतकर 'डिस्ट्रिक्ट बेस्ट एथलीट' का खिताब अपने नाम किया।
इसके अतिरिक्त किशोर ने 70वीं राज्य स्तरीय स्कूली एथलेटिक्स अंडर-17 बालक की लंबी कूद में 6.55 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता और एसजीएफआई नेशनल के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की लंबी कूद में स्टेट गोल्ड जीतकर एएफआई नेशनल में प्रवेश पाया तथा लंबी कूद में गोल्ड व 100 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतकर सीबीएसई नेशनल के लिए भी अपनी जगह पक्की की। किशोर के साथ-साथ वुशू, बॉक्सिंग, खो-खो और एथलेटिक्स के अन्य खिलाड़ियों ने भी दर्जनों पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
नगर में निकाली गई भव्य चैंपियंस रैली
विद्यालय की इस ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में प्रांगण से एक भव्य चैंपियंस रैली निकाली गई। खुली जीपों और सजी-धजी गाड़ियों में मेडल व ट्रॉफी थामे और साफा पहने विजेता खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था। रैली को विद्यालय के निदेशक रतनाराम तेतरवाल, व्यवस्थापक ओमप्रकाश चौधरी, प्रधानाचार्य राजीव जैन, उप प्रधानाचार्य सोनिया व्यास, संरक्षक डॉ. धीरज कुमार, रशीद शेख, मोहम्मद यूनुस एवं अभय कुमार असेरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मंगलाना रोड मुख्य मार्ग से शुरू हुई इस रैली का वसुंधरा नगर और आनंद नगर गेट पर स्थानीय नागरिकों द्वारा साफा पहनाकर व पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। सीबीएम हॉस्पिटल के समक्ष निदेशक डॉ. बिंदु चौधरी, श्रीमती केशरदेवी व समस्त नर्सिंग स्टाफ ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर मुंह मीठा करवाया। इसके बाद बोरावड की बालाजी कॉलोनी, हाथी गेट एवं सदर बाजार में जैन समाज के पदाधिकारियों, व्यापारियों व स्थानीय निवासियों ने शीतल पेय, अल्पाहार व आत्मीय स्वागत के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
कोच और प्रबंधन का योगदान
अभिभावकों व प्रबंध समिति ने इस अभूतपूर्व उपलब्धि का श्रेय खेल कोच नीरज सिंह राठौड़, आदित्य सिंह पंवार और दिव्या शर्मा के कठिन परिश्रम को दिया। निदेशक रतनाराम तेतरवाल ने कहा कि विद्यालय का ध्येय शिक्षा के साथ-साथ खेल में भी प्रतिभाओं को निखारना है। उन्होंने इस ऐतिहासिक स्वागत के लिए समस्त क्षेत्रवासियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

