बीएसएनएल कार्यालय मकराना में CWC सदस्य अणदाराम जांगिड़ का भव्य स्वागत: तीसरे वेतनमान की मांग व संगठन की मजबूती पर जोर
मकराना/मोहम्मद शहजाद
भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) कार्यालय मकराना में संचार निगम एग्जीक्यूटिव्स एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य (CWC) अणदाराम जांगिड़ के प्रथम आगमन पर विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए जांगिड़ ने बीएसएनएल की आगामी विकास योजनाओं, नेटवर्क सुदृढ़ीकरण तथा ऑल यूनियंस एंड एसोसिएशंस ऑफ बीएसएनएल की वर्तमान गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित तीसरे वेतनमान के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए आवश्यक है कि सभी अधिकारी व कर्मचारी एकजुट होकर आने वाले समय में संगठन की प्रत्येक गतिविधि व आंदोलन में पूरी सक्रियता से भागीदारी निभाएं।
बैठक में रहे प्रमुख लोग मौजूद
इस अवसर पर उपमंडल अभियंता श्रवण कुड़ी, कनिष्ठ दूरसंचार अधिकारी अनिल मीणा, बीएसएनएल ईयू के परिमंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार तथा कनिष्ठ अभियंता प्रताप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में कालू मीणा, रामावतार, समीर, वेदप्रकाश जांगिड़ सहित कार्यालय के अन्य तकनीकी एवं गैर-तकनीकी कर्मचारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उपस्थित सदस्यों ने सीडब्ल्यूसी सदस्य अणदाराम जांगिड़ का साफा व माला पहनाकर स्वागत किया और संगठन की भावी रणनीतियों पर अपनी पूर्ण सहमति व्यक्त की।

