बारिश न होने से किसान परेशान,उमस से लोग बेहाल
लक्ष्मणगढ (अलवर) कमलेश जैन
उपखंड क्षेत्र में पिछले चार दिनों से उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। दिनभर आसमान में बादल मंडराते है। लेकिन बारिश नहीं हो रही है। इससे वातावरण में नमी तो बनी रहती है, लेकिन राहत नहीं मिल रही है। लोगों को गर्मी और पसीने की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।
जून माह का अंतिम सप्ताह भी बीत रहा है। मानसून की आहट आसपास के कई जिलों में सुनाई पड़ रही है। लेकिन उपखंड क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ में वर्षा न होने से किसानों की बेचैनी बढ़ रही है। पूर्व में हल्की बारिश से किसानों ने खेतों में बुवाई कर दी गई । वो फसले तो सूख ही रही हैं। नलकूप का पानी खेतों में एक-दो दिन में ही सूख जाता है।
एक-दो दिन से आसमान में बादल तो घुमड़ रहे हैं। लेकिन वर्षा की उम्मीद नहीं दिखाई पड़ती है। किसानों की मुश्किलें तो बढ़ ही रही हैं। साथ ही उमस भरी गर्मी से लोगों की बेचैनी और बढ़ रही है। पंखा, कूलर की हवा राहत नहीं दे पा रहे है। किसानों द्वारा बोई गई मक्का, ज्वार बाजरा मूंग,उर्द की फसल भी बिना वर्षा के बेकार हो रही हैं। उनकी उपज भी काफी प्रभाव पड़ा है। निजी नलकूपों की सिंचाई तपती जमीन में एक-दो दिन कामयाब हो पाती है। उसके बाद फसलें सूखने लग जाती हैं। वर्षा लेट होने से फसल की बोआई भी लेट हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो 29 जून से क्षेत्र में वर्षा की गतिविधियां शुरू हो जाएगी।
फिलहाल मौसम की यह आंख मिचौली लोगों को खासा परेशान कर रही है। न तो तेज धूप से राहत मिल रही है और न ही बारिश से उमस कम हो रही है।


