कठूमर में पानी की समस्या को लेकर जलदाय विभाग कार्यालय पर बैठक हुई संपन्न
कस्बे में पानी की भारी किल्लत व अनियमित सप्लाई व जगह-जगह लीकेज होने से परेशान
कठूमर (दिनेश लेखी)। उपखंड मुख्यालय पर स्थित जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर कस्बे में पानी की समस्याओं को लेकर अधिशासी अभियंता महेंद्र सिंह मीणा, सहायक अभियंता गिर्राज मीणा, कनिष्ठ अभियंता अशोक मीणा की गणमान्य लोगों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के प्रारंभ में अधिशासी अभियंता महेंद्र सिंह मीणा को कस्बे वासियों ने पानी की समस्याओं को लेकर अपनी परेशानी से अवगत कराया। जिसमें मुख्य परेशानी पानी की अनियमित सप्लाई आने, पानी का कम पहुंचना तथा जगह-जगह लीकेज का होना बताया।
जिस पर बड़ी गंभीरता से अधिशासी अभियंता महेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि ठेकेदार की मनमानी के कारण कुछ अव्यवस्थाएं फैल रही हैं, जिनके विकल्प पर भी विचार किया गया। साथ ही उन्होंने तत्काल अन्य व्यवस्था करते हुए ट्यूबवेल्स की खराब हो रही स्थिति को संभालने के लिए दो ट्यूबवेल तुरंत ही रिपेयर करने तथा दो कल तक रिपेयर होने का आश्वासन दिया।
इस दौरान भाजपा नेता गोपेश भारद्वाज जी ने बताया है कि दो ट्यूबवेल्स पर काम चालू हो चुका है, और रिपेयरिंग हो रही है और आगामी सप्लाई की मॉनिटरिंग तथा ग्रुप में सभी को सहयोग करने के लिए निर्देशित किया गया।
विभाग के अधिकारियों ने कस्बे वासियों से भी एक अपील की गई है कि व्यर्थ पानी न बहाएं, खुले नल ना छोड़े तथा अपने-अपने नल पर टैब यानी टोटी लगावें जिससे व्यर्थ पानी न बहे और सभी तक पानी पहुंच सके। बैठक में सभी को समस्या के समाधान में सहयोग करने और उसे दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर गोपेश भारद्वाज, अशोक जैन पत्रकार, भूमिदत्त शर्मा, बनवारी लाल जादोन, सुमित सोनी, सुनील बजाज, टिंकल, पिंटू शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।