घूमर महोत्सव में 19 नवंबर को दिखेगी राजस्थान की सांस्कृतिक झलक

Nov 18, 2025 - 14:40
 0
घूमर महोत्सव में 19 नवंबर को दिखेगी राजस्थान की सांस्कृतिक झलक
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) पर्यटन विभाग, राजस्थान सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित घूमर महोत्सव 2025 का आयोजन बुधवार, 19 नवंबर को विश्वप्रिय शास्त्री पार्क में सायं 6.00 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं तथा जिला प्रशासन ने इसे भव्य और आकर्षक बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं।
संयुक्त निदेशक पर्यटन संजय जौहरी ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में कलाकारों का उत्साह उल्लेखनीय है। घूमर महोत्सव हेतु अब तक 12 ग्रुप, 65 व्यक्तिगत प्रतिभागियों सहित कुल 335 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतिभागियों की बड़ी संख्या इस पारंपरिक लोकनृत्य की लोकप्रियता और सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाती है।
जौहरी ने कहा कि घूमर महोत्सव का मुख्य उद्देश्य राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक परंपराओं तथा विरासत को सहेजते हुए नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। महोत्सव के दौरान स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकार घूमर सहित विभिन्न लोकनृत्यों की प्रस्तुतियाँ देंगे, जिनके माध्यम से दर्शक राजस्थान की अनूठी सांस्कृतिक विरासत से रूबरू हो सकेंगे। आयोजन स्थल पर प्रकाश, मंच सज्जा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया गया है, ताकि सभी दर्शक आनंदपूर्वक कार्यक्रम का लुत्फ उठा सकें।
घूमर नृत्य राजस्थान की पारंपरिक लोकनृत्य विधाओं में प्रमुख स्थान रखता है, जो उत्सवों एवं विशेष अवसरों पर महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया जाता है। इस महोत्सव के माध्यम से न केवल कलाकारों को अपने कला प्रदर्शन का अवसर मिलेगा, बल्कि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को भी राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता को करीब से देखने का मौका प्राप्त होगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों, पर्यटकों एवं कला प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाएं।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................