भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भारत स्काउट व गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी का आयोजन 23 से 29 नवम्बर 2025 तक डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, सेक्टर 15, वृंदावन योजना, लखनऊ में होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय आयोजन में भाग लेने के लिए भरतपुर व डीग जिले से कुल 05 ग्रुपों के 40 स्काउट-गाइड दल रवाना हुआ।
सी.ओ. स्काउट भरतपुर देवेन्द्र कुमार मीना ने बताया कि जंबूरी में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 40 स्काउट-गाइड चयनित हुए हैं। इनमें राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैनापुरा भुसावर से 8 स्काउट, बाबूराम वेदांता सीनियर सेकेंडरी स्कूल भरतपुर से 4 स्काउट व 8 गाइड, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (रेलवे स्कूल) भरतपुर से 2 स्काउट, मास्टर आदितेन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भरतपुर से 1 स्काउट, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पालका नगर से 5 स्काउट, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानोता कला नगर से 3 स्काउट तथा रेवती देवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नगर से 8 गाइड शामिल हैं। दल के साथ प्राचार्य गोविंद सिंह, स्काउटर सुरेन्द्र जाखड़, स्थानीय संघ सचिव नगर संतशरण मिश्रा, गाइडर अंजू कुमारी, अशोक मीना एवं शशि कुमारी प्रभारी के रूप में सम्मिलित हुए हैं।
भरतपुर गाइड्स करेंगी राजस्थान का प्रतिनिधित्व-
सी.ओ. गाइड भरतपुर कल्पना शर्मा ने बताया कि जंबूरी से पूर्व राज्य स्तरीय सम्मेलन शिविर 18 से 21 नवम्बर तक राज्य प्रशिक्षण केंद्र जगतपुरा, जयपुर में आयोजित होगा। इसमें प्रदेशभर से लगभग 1600 स्काउट-गाइड भाग लेकर जंबूरी में होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं का पूर्व अभ्यास करेंगे। इसके बाद स्टेट चीफ कमिश्नर निरंजन आर्य के नेतृत्व में पूरा दल 21 नवम्बर को स्पेशल ट्रेन द्वारा जयपुर से लखनऊ के लिए रवाना होगा। उन्होंने बताया कि भरतपुर जिले की गाइड्स राष्ट्रीय जंबूरी स्थल पर पायनियरिंग कला का प्रदर्शन करते हुए राजस्थान स्टेट गाइड गेट का निर्माण करेंगी, जो प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा।
भरतपुर संभाग से 160 सदस्य होंगे शामिल-
सहायक राज्य संगठन आयुक्त स्काउट गिरिराज प्रसाद गर्ग ने बताया कि जंबूरी में भरतपुर संभाग से 160 सदस्यों का दल सीबीईओ नगर सियाराम के नेतृत्व में भाग ले रहा है। भरतपुर व डीग से 5, सवाई माधोपुर से 5, करौली से 3 तथा धौलपुर से 3 समूहों सहित कुल 16 स्काउट-गाइड ग्रुप इस राष्ट्रीय आयोजन में भाग ले रहे हैं। जंबूरी में कलर पार्टी, बैंड प्रदर्शन, मार्चपास्ट, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, फूड प्लाज़ा, टेंट पिचिंग, लोकगीत-लोकनृत्य, कैंप फायर, झांकी प्रदर्शन, टेंट लेआउट, कैंप क्रॉफ्ट, प्रदर्शनी, एडवेंचर गतिविधियों सहित लखनऊ के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कार्यक्रम में शामिल है।