राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मकराना की बालिकाओं ने बढ़ाया शहर का मान, राज्य स्तरीय स्काउट-गाइड परीक्षा उत्तीर्ण की
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मकराना की बालिकाओं ने राज्य स्तरीय स्काउट-गाइड्स की परीक्षा उत्तीर्ण कर मकराना शहर का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा उत्तीर्ण कर मकराना पहुंचने पर रेलवे स्टेशन पर विद्यालय के शिक्षकों, परिजनों एवं आम नागरिकों द्वारा बालिकाओं का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्टेशन परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित शिक्षकों एवं नागरिकों ने बालिकाओं की इस उपलब्धि को अनुशासन, परिश्रम एवं समर्पण का परिणाम बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बताया गया कि राज्य स्तरीय स्काउट-गाइड परीक्षा में सफल होने के बाद अब इन प्रतिभाशाली बालिकाओं को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा, जो न केवल उनके लिए बल्कि पूरे मकराना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। विद्यालय परिवार ने बालिकाओं की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस उपलब्धि से अन्य छात्र-छात्राओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।