रैणागिरी धाम में 155वां वार्षिकोत्सवः 5 फरवरी को रक्तदान, 6 को लख्खी मेला और कुश्ती दंगल होगा
खैरथल (हीरालाल भूरानी) समीपवर्ती ग्राम रैणागिरी स्थित शीतलदास जी महाराज आश्रम रैणागिरी धाम में 155वां वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर 5 और 6 फरवरी को विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें वार्षिक लख्खी मेला प्रमुख है।
आश्रम समिति के अनुसार 5 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी के साथ श्रद्धालुओं और आमजन के लिए नेत्र जांच और निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर भी लगेगा। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को डोनर कार्ड और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। रात्रि जागरण का भी आयोजन होगा, जिसमें भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे।
पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे
6 फरवरी को आश्रम परिसर में लख्खी मेला और भंडारे का आयोजन होगा। मेले का मुख्य आकर्षण सायंकाल आयोजित होने वाला कुश्ती दंगल रहेगा। इस दंगल में क्षेत्रीय और नामी पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे। आश्रम समिति ने कुश्ती कामड़ा के लिए 31,000 रुपये की राशि निर्धारित की है।
सभी कार्यक्रम श्रीमद् जगद्गुरु बेनामी द्वाराचार्य बालकादेवाचार्य महाराज के सान्निध्य में संपन्न होंगे। आश्रम समिति ने क्षेत्रवासियों से रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान देने तथा धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करने की अपील की है। आयोजनों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
रैणागिरी धाम शीतलदास महाराज की सिद्ध पीठ है, जो बेनामी संप्रदाय से संबद्ध एक प्राचीन तीर्थस्थल है। यह धाम अपनी सिद्ध परंपराओं और आध्यात्मिक ऊर्जा के लिए जाना जाता है। वर्तमान में बेनामी जगद्गुरु स्वामी बालकादेवाचार्य जी महाराज यहाँ श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।