ग्रामीण क्षेत्र का सुनियोजित विकास ही प्रदेश के समग्र विकास की आधार शिला - डॉक्टर शैलेश सिंह
डीग-कुम्हेर विधानसभा में विकास की नई पहल ,विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने 45 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण
डीग (नीरज जैन) डीग जिले के कुम्हेर उपखंड के गांव उसरानी में रविवार को डीग - कुम्हेर के भाजपा विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने पंचायत राज विभाग की एसएफसी निधि से स्वीकृत 45 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. सिंह ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उसरानी में निर्मित सुरक्षा दीवार, कूप घाट निर्माण कार्य, मंदिर वाली पोखर पर सुरक्षा दीवार निर्माण, शमशान विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य सहित गांव में स्वीकृत अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने भंवरसिंह के खेत में साफ-सफाई कार्य, खुरकुटा वाली कुईया बरताई, हमीदिया थोक बरताई एवं रोहनसिंह वाला कुआं उसरानी में कूप घाट निर्माण एवं साफ-सफाई कार्यों का भी लोकार्पण किया ।
विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्र का सुनियोजित विकास ही प्रदेश के समग्र विकास की आधारशिला है। हमारी प्राथमिकता अपने विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वच्छता, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से पूर्ण रूप से जुड़ सकें।
उन्होंने ग्रामवासियों को आश्वस्त किया कि डीग-कुम्हेर विधानसभा में विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी इसके लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और जनहित सर्वोपरि रहेगा। डॉ सिंह नेकहा कि डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र में इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
इस मौके पर प्रधान देवी सिंह, पिंटू एवं वीरेंद्र सिंह ने विधायक डॉ शैलेश सिंह का चांदी का मुकुट एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। उसरानी सरपंच प्रतिनिधि बाबूलाल जाटव, पिचूमर सरपंच बीरबल जाटव, डहरा सरपंच सोहनलाल जाटव तथा रुंध हेलक सरपंच प्रतिनिधि हीरालाल जाटव ने भी साफा पहनाकर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम में भाजपा कुम्हेर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत, थैरावर सरपंच हरेंद्र सिंह, रामवीर सिंह, दुर्गसिंह, पवन, धर्मपाल साबौरा सहित पंचायत जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।