भरतपुर एसपी ने होली पर दी शुभकामनाएं, चेतावनी भी...... हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, शांति भंग करने पर होगी कार्रवाई
भरतपुर पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने जिलेवासियों को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की। एसपी ने साथ ही चेतावनी दी कि शांति भंग करने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
एसपी दिगंत आनंद ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे होली के रंगोत्सव को पारंपरिक हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हुड़दंग मचाने वाले और कानून हाथ में लेने वाले तत्वों के खिलाफ भरतपुर पुलिस कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
त्योहारों के मद्देनजर, जिले के सभी थानों में सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) और शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई हैं, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे। शहर एवं जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं।