होलिका दहन 2 मार्च को... ज्योतिषाचार्यों ने बताई सही तिथि, जानें शुभ मुहूर्त और भद्रा काल
राजस्थान के भरतपुर संभाग में होलिका दहन की तैयारियां चल रही हैं। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस वर्ष फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा पर होलिका दहन 2 मार्च को होगा। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण और तिथियों में बदलाव के कारण होलिका दहन के समय को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ज्योतिषाचार्यों ने बताया कि पूर्णिमा तिथि 2 मार्च को शाम 5:56 बजे से शुरू होकर 3 मार्च को शाम 5:08 बजे तक रहेगी। शास्त्रों के अनुसार, प्रदोष काल में पूर्णिमा 2 मार्च को पड़ने के कारण इसी दिन होलिका दहन करना उचित है। निर्णय सागर पंचरंग के अनुसार, प्रदोष बेला में शाम 6:16 बजे से रात 8:52 बजे तक होलिका दहन का शुभ मुहूर्त रहेगा।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, होलिका दहन भद्रा रहित काल में करना श्रेष्ठ माना जाता है। यदि भद्रा अर्धरात्रि को पार कर जाए, तो भद्रा मुख को छोड़कर 'भद्रा पुच्छ' काल में दहन किया जा सकता है। गणना के मुताबिक, रात 2:38 बजे से 4:38 बजे तक भद्रा मुख रहेगा, जिसे पूरी तरह त्याज्य माना गया है। भद्रा मुख में किए गए शुभ कार्य बाधा और अशांति का कारण बन सकते हैं।