भारतीय किसान यूनियन (एकता) की ओर से साधुवाली और कालूवाला गाजर मंडी में व्यापारियों द्वारा किसानों से खरीदी गई गाजर का भुगतान न करने के विरोध में जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया गया। किसान ने कलेक्ट्रेट के बाहर धरना लगाकर बैठ गए और नारेबाजी की। किसान नेता संदीप सिंह ने बताया- साधुवाली और कालूवाला मंडी में व्यापारियों ने किसानों से गाजर खरीदी थी। भुगतान के लिए चेक और पर्चियां दी गईं तथा कहा गया कि 7 दिनों के अंदर पेमेंट बैंक खाते में आ जाएगी। किसानों ने विश्वास पर गाजर बेच दी, लेकिन समय पर पैसा नहीं आया। जब किसानों ने संपर्क किया तो व्यापारियों ने कहा कि चेक से भुगतान हो जाएगा। लेकिन चेक बैंक में जमा करवाने पर सभी बाउंस हो गए। इससे किसानों को पता चला कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। किसानों का आरोप है कि MKS (महेश कुमार गोयल एवं श्रवण कुमार), NM ट्रेडिंग कंपनी (प्रोप्राइटर नजीर अहमद), JSTC (मुकेश कुमार बिश्नोई) कमल कुमार किसानों की गाजर बेचकर प्राप्त पेमेंट अपने खातों में ट्रांसफर करवाकर विदेश भागने की फिराक में हैं। कुछ किसानों को मौके पर ही भुगतान मिल गया था, लेकिन उसके बाद का पूरा पैसा आज तक नहीं मिला। किसान इधर-उधर भटक रहे हैं और परेशान हैं। किसानों ने मांग की है कि इन सभी फर्मों से किसानों का शीघ्र भुगतान कराया जाए। साथ ही इन फर्मों को ब्लैक लिस्ट किया जाए और धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक हफ्ते के अंदर किसानों की पेमेंट नहीं मिली तो वे 11 मार्च जिला कलेक्टर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।