नागौर के पर्यावरण प्रेमी डॉ. ललित कुमार आचार्य 'डॉ. अंबेडकर कीर्ति सम्मान 2026' से सम्मानित
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। अखिल भारतीय कबीर मठ सतगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान, बड़ी खाटू के तत्वावधान में ग्राम पंचायत रोहिणी में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नागौर के प्रख्यात पर्यावरण प्रेमी डॉ. ललित कुमार आचार्य को उनके द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जीव-जगत के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित 'डॉ. अंबेडकर कीर्ति सम्मान 2026' से नवाजा गया। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि डॉ. आचार्य पिछले लंबे समय से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। विशेष रूप से विलुप्त होती जा रही 'गौरैया' प्रजाति के संरक्षण के लिए उनके द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्यों ने उन्हें इस सम्मान का पात्र बनाया। उन्होंने न केवल लोगों को गौरैया के महत्व के प्रति जागरूक किया, बल्कि उनके रहने और दाने-पानी के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सम्मान ग्रहण करने के पश्चात डॉ. ललित कुमार आचार्य ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी व्यस्त जीवनशैली में से कुछ समय प्रकृति और बेजुबान पक्षियों के लिए जरूर निकालें। उन्होंने कहा, "यदि गौरैया हमारे आंगन से गायब हो गई, तो यह पारिस्थितिक तंत्र के लिए एक बड़ा खतरा होगा। हमें मिलकर अपनी विरासत को बचाना होगा।"
समारोह के अंत में संस्थान के सदस्यों ने डॉ. आचार्य के उज्जवल भविष्य की कामना की और उनके द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस उपलब्धि पर जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों ने उन्हें बधाई प्रेषित की है।


