मकराना क्षेत्र में स्वीप अभियान की धूम: निम्बड़ी और मोरड में रैली व मानव श्रृंखला निकाल कर दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
मकराना / मोहम्मद शहजाद
आगामी चुनावों के मद्देनजर लोकतंत्र को मजबूत बनाने और मतदाताओं को जागरूक करने के लिए निर्वाचन कार्यालय पंचायत समिति मकराना के तत्वावधान में स्वीप (SVEEP) गतिविधियों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में मकराना के ग्रामीण अंचल स्थित निम्बड़ी और मोरड गांवों में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
निर्वाचन कार्यालय पंचायत समिति मकराना के शाखा प्रभारी राम अवतार बंजारा और ब्लॉक स्वीप टीम प्रभारी गोपाल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निम्बड़ी में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर भव्य जागरूकता रैली निकाली और स्कूल परिसर में एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर अनुपम झांकी सजाई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद गुर्जर ने उपस्थित विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं विशेष रूप से नव मतदाताओं को निष्पक्ष, निर्भीक और अनिवार्य मतदान की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य ने लोकतंत्र में प्रत्येक एकल वोट के महत्व और 'गांव की सरकार' के गठन में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर व्याख्याता आसुराम, कानाराम, पीटीआई अल्केश कुमार, वरिष्ठ अध्यापक गजेंद्र सिंह, नानूराम और स्वीप टीम सदस्य मुरली मनोहर मेघ सहित पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
मोरड विद्यालय में भी गूंजा मतदान का संदेश
इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरड में भी स्वीप अभियान के तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम हुए। यहां विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली, स्लोगन प्रतियोगिताओं में अपनी कला का प्रदर्शन किया तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को शत-प्रतिशत मतदान करने का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को बिना किसी प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

