पीपलवास विद्यालय की बदहाली को लेकर उपखंड मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन, मूलभूत सुविधाओं की मांग
राजसमंद (पप्पूलाल कीर) नाथद्वारा क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (रा.उ.प्रा.वि.) पीपलवास में व्याप्त अव्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विद्यार्थियों को हो रही परेशानियों के मद्देनजर उपखंड मजिस्ट्रेट श्रीमती रक्षा पारीक के नाम तहसीलदार को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में विद्यालय की जर्जर स्थिति को रेखांकित करते हुए निम्नलिखित प्रमुख मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया:
-
शौचालय का अभाव: विद्यालय में बालक-बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय की व्यवस्था नहीं है, जिससे छात्राओं को भारी परेशानी होती है।
-
असुरक्षित परिसर: चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) नहीं होने के कारण विद्यालय परिसर में आवारा जानवरों का जमावड़ा लगा रहता है।
-
जर्जर भवन: कक्षा-कक्षों की हालत खस्ता है, जिनकी तत्काल मरम्मत, रंग-रोगन और फर्श ठीक कराने की आवश्यकता है।
-
संसाधनों की कमी: विद्यालय में पीने के साफ पानी (पेयजल) और विद्यार्थियों के बैठने के लिए फर्नीचर का अभाव है।
-
सफाई एवं नामांकन: परिसर में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था करने और विद्यालय में कम होते नामांकन को बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एडवोकेट भरत पालीवाल, पप्पू लाल कीर, धर्मेश चंदेल, रामलाल सुथार, सूर्य प्रकाश सनाड्य, मुकेश सिंह, कपिल जैन, देश बंदू कीर सहित कई अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को एक सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।


