साहस और सेवा का सम्मान: पुलिस महानिरीक्षक ने जुगनू तंबोली को साफा पहनाकर किया सम्मानित
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) | राजगढ़ नगर पालिका के कर्मठ कर्मचारी और समाजसेवी जुगनू तंबोली को उनके अदम्य साहस और जनहित के कार्यों के लिए जयपुर में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पुलिस लाइन जयपुर में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) राहुल प्रकाश ने तंबोली को साफा पहनाकर, माला पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की।
जुगनू तंबोली पिछले लंबे समय से पुलिस और प्रशासन के लिए संकटमोचक की भूमिका निभा रहे हैं। उनके द्वारा किए गए निम्नलिखित कार्यों को सम्मान का आधार माना गया जिसमे: -
-
कठिन रेस्क्यू: गहरे कुओं, बावड़ियों, तालाबों और नालों से सड़ी-गली लाशों को निकालने जैसा चुनौतीपूर्ण कार्य।
-
रेलवे दुर्घटनाएं: रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत शवों को उठाने में पुलिस की निस्वार्थ सहायता करना।
-
जीव रक्षा: रिहायशी इलाकों में निकले जहरीले सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित जंगल में छोड़ना।
-
24 घंटे तत्परता: पुलिस और आमजन की सहायता के लिए हर समय उपलब्ध रहना।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा जुगनू तंबोली को मिले इस सम्मान पर राजगढ़ के नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जुगनू जैसे समर्पित व्यक्ति का सम्मान समाज में सेवा भाव को बढ़ावा देता है। इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने तंबोली को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


