जहाजपुर उप जिला चिकित्सालय में 6 साल बाद ऑपरेशन थिएटर शुरू, दो मरीजों की आंखों का सफल ऑपरेशन
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) राजकीय उप जिला चिकित्सालय जहाजपुर में वर्ष 2018 से बंद पड़ा ऑपरेशन थिएटर आखिरकार शनिवार, 18 अप्रैल को पुनः शुरू कर दिया गया। गायनिक डॉक्टर बिंदु गुप्ता के स्थानांतरण और सर्जन व एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की कमी के चलते यह ऑपरेशन थिएटर पिछले 6 वर्षों से बंद था।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दिलीप मीना के आने के बाद चिकित्सालय में फिर से ऑपरेशन शुरू होने की उम्मीद जगी, जो अब हकीकत में बदल गई है। शनिवार को डॉ. मीना ने एक महिला और एक पुरुष मरीज की आंखों का सफल ऑपरेशन किया।
डॉ. दिलीप मीना ने बताया कि चिकित्सालय प्रशासन और स्टाफ के सहयोग से यह संभव हो पाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी मरीजों को इसी तरह बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलती रहेंगी।
इस दौरान सहायक नेत्र रोग विशेषज्ञ दिनेश रेगर, नर्सिंग ऑफिसर अर्जन मीना, महेन्द्र मीना, रविन्द्र मीना, रवि मीना सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। सभी के सहयोग से दोनों मरीजों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया।


