गौसेवा टीम ने माता के सम्मान और संरक्षण के लिए जागरूकता रैली निकालकर दिया संदेश; 27 अप्रैल को ‘गौ सम्मान दिवस’ मनाने का आह्वान
कठूमर (दिनेश लेखी) गौ सेवा टीम कठूमर एवं तसई के संयुक्त तत्वावधान में गौ माता के सम्मान और संरक्षण को लेकर क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में टीम द्वारा कस्बे एवं आसपास के गांवों में जागरूकता रैली निकालकर आमजन को गौ सेवा के प्रति प्रेरित किया गया। टीम ने 27 अप्रैल 2026 को ‘गौ सम्मान दिवस’ के रूप में मनाने की अपील करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान टीम सदस्यों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करवाने के सम्मान में और संरक्षण एवं सेवा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। इसके लिए टीम गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रही है और उन्हें गौ संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दे रही है, ताकि अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।
गौसेवक तुषार उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि गौ सेवा टीम द्वारा उपखंड अधिकारी कठूमर को ज्ञापन सौंपकर 27 अप्रैल को ‘गौ सम्मान दिवस’ घोषित करने एवं प्रशासनिक सहयोग प्रदान करने की मांग की गई है। टीम का मानना है कि प्रशासनिक सहयोग मिलने से यह अभियान और अधिक प्रभावी रूप से संचालित किया जा सकेगा।
टीम ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 27 अप्रैल को गौ सेवा से जुड़े कार्य करें और गौ संरक्षण के लिए आगे आएं। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित होगा और युवाओं की भागीदारी भी बढ़ेगी।
इस अवसर पर तुषार उपाध्याय, दिनेश सिंह राजपूत, मोहित चौहान, अजय कुमार, अरुण कुमार, भूपेश, गोपी चौधरी, विष्णु, पोती राजपूत, कृष्णा राजपूत एवं अनुराग राजपूत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


