उप तहसीलदार ने किया गेहूं खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण; अब तक 7588 क्विंटल गेहूं की हुई तुलाई
तखतगढ़ (बरकत खान) क्षेत्र के किसानों को समर्थन मूल्य का उचित लाभ दिलाने और खरीद प्रक्रिया की पारदर्शिता जांचने के लिए शनिवार को उप तहसीलदार जितेन्द्र बबेरवाल ने एफसीआई (FCI) समर्थन मूल्य खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उप तहसीलदार ने केंद्र प्रभारी दिलीप स्वामी से पंजीकरण और आवक की जानकारी ली। प्रभारी ने बताया कि केंद्र पर अब तक 7588 क्विंटल गेहूं की खरीद सफलतापूर्वक की जा चुकी है।
उप तहसीलदार ने केंद्र पर मौजूद किसानों से संवाद किया और प्रतिदिन आ रही व्यावहारिक समस्याओं के समाधान हेतु निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल तुलाई और भुगतान की प्रक्रिया में किसानों को किसी भी प्रकार की देरी या असुविधा नहीं होनी चाहिए।
गौरतलब है कि इस खरीद केंद्र का विधिवत उद्घाटन 13 दिन पूर्व कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत द्वारा किया गया था। यह केंद्र लगातार दूसरे वर्ष भी जल संसाधन विभाग के डाक बंगले में संचालित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर व्यवस्थाएं सुचारू पाई गईं। उप तहसीलदार ने आगामी दिनों में आवक बढ़ने की संभावना को देखते हुए केंद्र प्रभारी को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।


