सेवानिवृत्ति के बाद गौ-सेवा का संकल्प: बीरबल यादव ने गौशाला में भेंट किया 125 मण चारा
उदयपुरवाटी/पचलंगी (सुमेरसिंह राव) उपखंड क्षेत्र के पचलंगी स्थित ओम शिव गौशाला में आज सेवा और समर्पण का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। बावड़ी वाली झडाया नगर निवासी एवं राजस्थान परिवहन विभाग से सेवानिवृत्त बीरबल राम यादव ने अपनी राजकीय सेवाओं से मुक्त होने के उपलक्ष्य में गायों के लिए 125 मण चारा भेंट कर पुण्य अर्जित किया।
स्वर्गीय पीथा राम यादव के पुत्र बीरबल यादव ने अपनी सेवानिवृत्ति के पश्चात घर आगमन पर इस नेक कार्य के जरिए समाज को सकारात्मक संदेश दिया है। उनके इस कदम की सराहना करते हुए मदनलाल भावरिया ने कहा कि यादव परिवार ने चारे की व्यवस्था कर बेसहारा गौवंश के प्रति अपनी संवेदनशीलता प्रकट की है, जो अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायी है।
चारा वितरण के इस अवसर पर गौशाला परिसर में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा रहा। कार्यक्रम में पचलंगी के पूर्व सरपंच श्रीलाल यादव, सेवानिवृत्त पीटीआई भगवान सहाय यादव, हनुमान यादव, मनोज यादव, कैलाश यादव और रामनाथ कुड़ी सहित कई प्रबुद्ध नागरिकों ने शिरकत की और यादव परिवार के इस सेवा भाव का अभिनंदन किया।
समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए बीरबल यादव ने कहा कि गौ-सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है और वे भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्यों से जुड़े रहेंगे।


