मंढोली में 'नानी बाई का मायरा' कथा का आज होगा समापन; विशाल भंडारे में प्रसादी ग्रहण करेंगे श्रद्धालु
नीमकाथाना, (सुमेर सिंह राव) उपखंड क्षेत्र के मंढोली स्थित ओम शिव गौरक्ष गौशाला में गत 11 अप्रैल से आयोजित की जा रही संगीतमय 'नानी बाई का मायरा' कथा का आज भव्य समापन होगा। सुप्रसिद्ध कथावाचक रणवीर भाई शेखावाटी वाले द्वारा वाचित इस कथा ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
कथा के दौरान झडाया बालाजी मंदिर के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 सीताराम दास जी महाराज एवं समाजसेवी मदनलाल भावरिया ने कथा स्थल पहुंचकर व्यास पीठ का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कथावाचक रणवीर भाई शेखावाटी वाले का शाल ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर जोरदार सम्मान किया।
इस अवसर पर समाजसेवी मदनलाल भावरिया ने कहा कि नरसी मेहता और उनकी पुत्री नानी बाई की यह कथा हमें ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास और समर्पण की सीख देती है। उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धा होने पर स्वयं भगवान भक्त की सहायता के लिए दौड़े चले आते हैं। यह कथा समाज में प्रेम और त्याग का संदेश प्रसारित करती है।
आयोजन समिति ने बताया कि कथा के समापन के पावन अवसर पर आज विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मंढोली सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ग्रामीण और गौशाला समिति के कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।इस दौरान सेवानिवृत्त पीटीआई भगवान सहाय यादव, महेंद्र तेतरवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में मातृशक्ति व श्रद्धालु उपस्थित रहे।


