धौलागढ़ में जनजाति मीना विकास समिति की बैठक आयोजित, कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
कठूमर (दिनेश लेखी) जनजाति मीना विकास समिति खेड़ली-कठूमर की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को मीनाधर्मशाला धौलागढ़ में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉक्टर आर.पी. मीना ने की। बैठक में समाजहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मीनाधर्मशाला धौलागढ़ के निर्माण कार्य के मुहूर्त की तिथि आगामी बैठक में तय की जाएगी। इसके लिए राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल मीना से मिलकर उपयुक्त तिथि निश्चित करने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही मीना धर्मशाला के उद्घाटन अवसर पर पारंपरिक ‘पद दंगल’ आयोजन करवाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिससे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा मिल सके।
शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समिति ने वर्ष 2026 में घोषित 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मीना समाज के छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया। साथ ही, इसी वर्ष यूपीएससी एवं आरपीएससी में चयनित अभ्यर्थियों को भी प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में खेड़ली स्थित मीनाधर्मशाला परिसर के शेष खाली स्थान पर इंटरलॉकिंग सीमेंट ईंट बिछाने का भी निर्णय लिया गया, जिससे परिसर का समुचित विकास किया जा सके।
इस मौके पर धर्म सिंह मीना (महामंत्री), कमल सिंह मीना (लाठकी), प्रेम प्रकाश मीना (नाड़ी बास), महावीर मीना (कलवाड़ी), प्रकाश मीना (रामपुरा), धंसीराम मीना (गुडवास), जगदीश मीना (गुडवास), रतनलाल मीना (गुडवास), डाक्टर सुरेश मीना कुट्टीन सावदास, किरोड़ी मीना (भनोखर), भरत लाल मीना (रामगढ़), मुकेश मीना (खेड़ा मैदा कला) सहित अन्य समाजबंधु उपस्थित रहे।


