बारात से लौट रही टवेरा कार बिजली के खंभे से टकराई; शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, 6 लोग बाल-बाल बचे घटना से मचा हड़कंप, जुटी भीड़
कठूमर (दिनेश लेखी) थाना क्षेत्र के सौख रोड पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब बारात से लौट रही एक तवेरा कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया, जिससे हुए शॉर्ट सर्किट के कारण कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते वाहन आग का गोला बन गया और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि कार में सवार सभी छह लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई।
पुलिस के अनुसार कार चालक अनूप पुत्र राजवीर जाटव निवासी खेड़ा गरासिया थाना बयाना सहित छह लोग कठूमर क्षेत्र के कांकरोली गांव में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होकर देर रात अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब एक बजे टीकरी और हुल्याना के बीच मोड़ पर स्थित स्वामी बाबा के आश्रम के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया। तारों से निकली चिंगारियों ने कार को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते वाहन में भीषण आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही क्षणों में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी।
घटना के तुरंत बाद कार में सवार सभी लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
सूचना मिलते ही कठूमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खेरली से अग्निशमन वाहन को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड टीम ने पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारू कराया।
जर्जर बिजली लाइनों पर उठे सवाल
इस घटना के बाद क्षेत्र में बिजली लाइनों और खंभों की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर विद्युत लाइनें और खंभे जर्जर हालत में हैं, जिनकी समय पर मरम्मत नहीं होने से ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है।
सबक: सतर्कता और व्यवस्थाओं में सुधार जरूरी
यह हादसा भले ही बिना जनहानि के टल गया हो, लेकिन यह एक बड़ी चेतावनी है। सड़क सुरक्षा के साथ-साथ विद्युत व्यवस्था के रखरखाव में सुधार की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


