खुली नालियां बनीं गोवंश के लिए काल: 10 दिन में 4 से ज्यादा मवेशी घायल, स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
बारां (राजस्थान) शहर की मुख्य सड़कों पर खुली पड़ी नालियां बेजुबान मवेशियों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर बिना ढक्कन छोड़ी गई इन नालियों में आए दिन गोवंश गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो रहा है, लेकिन नगर परिषद प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।
ताजा मामला शुक्रवार को झालावाड़ रोड पर आशीर्वाद गार्डन के सामने सामने आया। यहां सड़क किनारे बनी खुली नाली में अचानक एक गोवंश गिर गया। सूचना मिलते ही गौ सेवक गौरव शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद मवेशी को बाहर निकाला। हादसे में गोवंश बुरी तरह घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पशु चिकित्सालय भेजा गया।
- 10 दिनों में 4 से अधिक हादसे, आक्रोश
स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले महज 10 दिनों के भीतर 4 से अधिक गोवंश इन जानलेवा नालियों में गिरकर लहुलुहान हो चुके हैं। बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद नगर परिषद और संबंधित विभाग की ओर से नालियों को ढकने की कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
प्रशासनिक अनदेखी से खफा क्षेत्रवासियों और गौ सेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि मुख्य मार्गों की सभी खुली नालियों पर अविलंब मजबूत ढक्कन नहीं लगाए गए, तो वे आंदोलन की राह पकड़ने को मजबूर होंगे।

