पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बाइक चोरी के चंद घंटों बाद दो बदमाश गिरफ्तार
अलवर जिले की बड़ौदामेव थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाइक चोरी की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की गई बाइक बरामद करने के साथ ही दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
थानाधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि घाट निवासी अजीत सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी के अनुसार, उसने अपनी बाइक शीतल बस स्टैंड पर खड़ी की थी और कुछ सामान लेने चला गया था। जब वह वापस लौटा, तो वहां से बाइक गायब थी।
चोरी की सूचना मिलते ही थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत चारों तरफ नाकाबंदी शुरू की। नाकाबंदी के दौरान बड़ौदामेव से भटपुरा मार्ग पर पुलिस टीम को एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की, तो वे बाइक के कागजात पेश नहीं कर पाए। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने बाइक चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बड़ौदामेव निवासी संजय पुत्र विजय और चेतन पुत्र प्रकाश चंद्र के रूप में हुई है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
थाना अधिकारी मोहन सिंह ने बतौया की चोरी की गई बाइक को जब्त कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि क्या वे क्षेत्र में अन्य वाहन चोरी की वारदातों में भी शामिल रहे हैं। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के नागरिकों ने पुलिस प्रशासन के प्रति संतोष व्यक्त किया है।


