गोविंदगढ़ में दो दिवसीय 'सत्रारंभ वाकपीठ संगोष्ठी':सीबीईओ ने शाला दर्पण अपडेट रखने और प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर दिया
अलवर के गोविंदगढ़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, घाट में शैक्षिक सत्र 2026-27 की दो दिवसीय 'सत्रारंभ वाकपीठ संगोष्ठी' का समापन हुआ। यह संगोष्ठी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, गोविंदगढ़ के तत्वावधान में आयोजित की गई थी। इसमें ब्लॉक के सभी उच्च माध्यमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और संस्था प्रधानों ने भाग लिया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) विश्वजीत सिंह ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विभागीय रैंकिंग में ब्लॉक को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने राज्य सरकार की सभी योजनाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ लागू करने के निर्देश दिए।
- शाला दर्पण पोर्टल पर अपडेट करें सूचना
सीबीईओ सिंह ने स्पष्ट किया कि शाला दर्पण पोर्टल पर विद्यालय से संबंधित प्रत्येक सूचना को समय पर अपडेट करना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संगोष्ठी के दौरान विभागीय जांच (CCA 16 व 17), सेवा पुस्तिका संधारण, पेंशन व ऑडिट प्रकरण, और भंडार के भौतिक सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यों पर विस्तृत जानकारी साझा की गई।
इसके अतिरिक्त, 'हरियालो राजस्थान', हरित पाठशाला, आईसीटी, डिजिटल लाइब्रेरी, जल संचयन, निःशुल्क पुस्तक वितरण, वर्कबुक, नामांकन वृद्धि, छात्रवृत्ति, खेल मैदान, आरटीआई और राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायतों के त्वरित निवारण जैसे विषयों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
- सुरक्षा प्रबंधन जैसे विषयों पर भी चर्चा की
विद्यालयों में आपदा प्रबंधन (जैसे भूकंप और अतिवृष्टि) और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा प्रबंधन जैसे संवेदनशील विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सीबीईओ ने पीईईओ (PEEO) को अपने परिक्षेत्र के विद्यालयों की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसीबीईओ अकबर खान, वाकपीठ संगोष्ठी अध्यक्ष सुरेश धानिया, उपमा गोयल, खेमचंद बलाई, करण सिंह, राजेन्द्र चौधरी, दीपक सैन और योगेन्द्र द्विवेदी सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और ब्लॉक के संस्था प्रधान उपस्थित रहे।


