प्रमोशन पर व्याख्याता पद ग्रहण, विद्यालय में हुआ स्वागत समारोह
कठूमर(दिनेश लेखी)। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कठूमर में वरिष्ठ अध्यापक पद पर कार्यरत आभा गुप्ता ने मंगलवार को पदोन्नति प्राप्त कर स्थानीय विद्यालय में व्याख्याता पद पर कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक संक्षिप्त एवं गरिमामय स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राधेश्याम चौधरी ने आभा गुप्ता को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव, समर्पण और कार्यकुशलता से शिक्षा के स्तर में और अधिक सुधार होगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य बीना मीणा ने माल्यार्पण कर उनका आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने आभा गुप्ता के लंबे शिक्षण अनुभव और अनुशासित कार्यशैली की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में विद्यालय नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आभा गुप्ता को व्याख्याता पद पर पदोन्नति के लिए बधाई दी तथा उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की कामना की।


