महिला पर जानलेवा हमला, गला काटकर किया घायल पीहर पक्ष ने पति व ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के सदर थाना क्षेत्र के ग्राम जारखेडा में एक महिला पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है।
गंभीर रूप से घायल महिला को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, महिला के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
पीड़िता के पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करीब सात वर्ष पहले उन्होंने अपनी दो बेटियों की शादी की थी। बड़ी बेटी धोली की शादी आरिफ के साथ हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे हैं, जबकि दूसरी बेटी की शादी मुबाईक के साथ हुई थी, जिससे उसके तीन बच्चे हैं।
पीहर पक्ष का आरोप है कि दोनों बेटियों के साथ उनके पति आए दिन मारपीट करते हैं। इतना ही नहीं, ससुर तैयब और सहजी भी इस मारपीट में उनका साथ देते हैं। परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन भी विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिसमें धोली के गले पर गंभीर चोट आई । पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।


