परशुराम जयंती पर महुवा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब; भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ प्रतिभाओं का सम्मान, धायक राजेंद्र मीणा ने महुवा और मंडावर में ‘परशुराम सर्किल’ बनाने की घोषणा की
महुवा (अवधेश अवस्थी)। महुवा उपखंड मुख्यालय पर बुधवार को भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य आयोजन किए गए। समाज के अध्यक्ष ताराचंद शर्मा के नेतृत्व में एक विशाल कलश व शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें दर्जनों जीवंत झांकियां और बैंड-बाजों की धुन पर हजारों समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा प्रातः 9:00 बजे तहसील रोड स्थित बदेही जी के मंदिर से प्रारंभ हुई। इसमें भगवान परशुराम, शिव बारात और भगवान कृष्ण की नयनाभिराम झांकियां शामिल रहीं। यात्रा मुख्य बाजार, हिंडौन रोड, थाने के सामने, सब्जी मंडी, गणेश चौक और सर्राफा बाजार होते हुए पुरानी तहसील के समीप अग्रवाल धर्मशाला पहुँची। पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और कस्बेवासियों ने पुष्प वर्षा, तोरण द्वार और जलपान के माध्यम से यात्रा का भव्य स्वागत सत्कार किया।
अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित समारोह में समाज की कक्षा 10वीं और 12वीं की मेधावी प्रतिभाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शख्सियतों को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र मीणा ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि वे समाज के ऋणी हैं और विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे। उन्होंने समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए महुवा और मंडावर में ‘परशुराम सर्किल’ बनाने तथा महुवा में ब्राह्मण धर्मशाला हेतु शीघ्र भूमि आवंटन कराने की ऐतिहासिक घोषणा की।
समारोह में संत सरजू दास जी महाराज, संत धर्मेश्वर दास जी महाराज, आरएएस अधिकारी मयंक गौड़, नपा ईओ प्रमोद कुमार शर्मा, पूर्व नपा अध्यक्ष विजय शंकर बोहरा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष घनश्याम अवस्थी, मंडावर अध्यक्ष संतोष शर्मा सहित हजारों की संख्या में मातृशक्ति और गणमान्य समाजबंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन और व्यवस्थाएं समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सेवादल के युवाओं द्वारा संभाली गईं।


