चौरीचौरा ओवरब्रिज विवाद पर विराम: ‘Y’ मॉडल पर बनी सहमति, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी
चौरीचौरा (गोरखपुर/शशि जायसवाल)।चौरीचौरा के बहुप्रतीक्षित 147-बी रेलवे ओवरब्रिज को लेकर पिछले कुछ समय से चल रही अटकलों और विवादों पर अब विराम लगता दिखाई दे रहा है। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश गुप्ता तथा राज्यसभा सांसद एवं पूर्व विधायक संगीता यादव ने अलग-अलग मंचों से स्पष्ट किया है कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण अपने मूल स्वरूप, यानी ‘Y’ मॉडल के अनुसार ही किया जाएगा। इसके साथ ही ‘L’ मॉडल को लेकर फैलाई जा रही चर्चाओं को उन्होंने भ्रामक और तथ्यहीन बताया।
पूर्व चेयरमैन ने दी परियोजना की पूरी जानकारी
नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन ज्योति प्रकाश गुप्ता ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए ‘Y’ मॉडल ओवरब्रिज को स्वीकृति प्रदान की थी। उन्होंने बताया कि तत्कालीन एवं वर्तमान सांसद कमलेश पासवान के प्रयासों से परियोजना के लिए लगभग 59 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ था तथा जनवरी 2022 में इसका भूमि पूजन भी संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रारंभिक चरण में आचार संहिता और वर्षा के कारण कार्य प्रभावित हुआ। बाद में सड़क चौड़ीकरण और संशोधित डिजाइन में हैंगिंग ओवरब्रिज का प्रस्ताव शामिल किए जाने से लागत में वृद्धि हुई। इसी कारण पहले एक दिशा में निर्माण कार्य शुरू किया गया और शेष हिस्से के लिए अतिरिक्त बजट स्वीकृत कराने की प्रक्रिया निर्धारित की गई।
ज्योति प्रकाश गुप्ता के अनुसार, इसी दौरान कुछ राजनीतिक विरोधियों द्वारा यह प्रचारित किया गया कि पुल केवल शहीद स्मारक की दिशा में बनाया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि परियोजना की मूल योजना में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
अतिक्रमण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि रेलवे ढाला से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक का क्षेत्र अतिक्रमण की श्रेणी में आता है, जबकि उनका स्वयं का मकान वर्षों पूर्व सरकारी भूमि छोड़कर पीछे हटाकर बनाया गया था।
उन्होंने दोहराया, “147-बी रेलवे ओवरब्रिज पहले भी ‘Y’ मॉडल था, आज भी ‘Y’ मॉडल है और भविष्य में भी ‘Y’ मॉडल ही रहेगा। ‘L’ मॉडल की चर्चा पूरी तरह भ्रामक है।”
मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद सांसद संगीता यादव का आश्वासन
इसी क्रम में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व विधायक श्रीमती संगीता यादव मुंडेरा बाजार पहुंचीं, जहां उन्होंने आंदोलनरत व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि इस विषय पर उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधी बातचीत हुई है।
सांसद ने कहा, “मुख्यमंत्री जी ने स्पष्ट कहा है कि चूंकि इस परियोजना का शिलान्यास मेरे द्वारा किया गया था और जनता की भावना ‘Y’ मॉडल के पक्ष में है, इसलिए ओवरब्रिज का निर्माण उसी स्वरूप में किया जाएगा।”
उनके इस बयान के बाद क्षेत्र में चल रही आशंकाओं को काफी हद तक विराम मिल गया और व्यापारियों ने राहत की सांस ली।
व्यापारियों में उत्साह, ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत
सांसद संगीता यादव के आश्वासन के बाद मुंडेरा बाजार के व्यापारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में खुशी की लहर दौड़ गई। व्यापारियों ने इसे अपनी एकजुटता, जनदबाव और निरंतर प्रयासों की सफलता बताया। खुशी के माहौल में ढोल-नगाड़ों के साथ सांसद का स्वागत किया गया और लोगों ने ‘Y’ मॉडल ओवरब्रिज के निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर भुवनपति निराला, धर्मेंद्र जायसवाल, अनूप जायसवाल, मोहित जायसवाल (सभासद), विनोद जायसवाल (पूर्व सभासद), जय राम, जय गोविंद सूर्या, राजेश जायसवाल, मलकू जायसवाल, अजय पासवान, संजय वर्मा, त्रिगुण सेनगुप्ता, अनंत लाल जायसवाल एवं दीपू जायसवाल (सभासद) सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
लगातार उठ रहे सवालों और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब जनप्रतिनिधियों के स्पष्ट बयानों से यह संकेत मिला है कि चौरीचौरा का बहुप्रतीक्षित 147-बी रेलवे ओवरब्रिज अपने मूल ‘Y’ मॉडल स्वरूप में ही विकसित किया जाएगा। इससे न केवल व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की चिंताएं दूर हुई हैं, बल्कि क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक माहौल भी बना है।


