कठूमर में छह माह से टूटी पड़ी पुलिया बनी हादसों का सबब; मौहल्लावासियों में भारी रोष, अविलंब मरम्मत की माँग तेज
कठूमर (दिनेश लेखी)। कस्बे के बायपास रोड स्थित रेला से कठूमर बाजार की ओर आने वाले मार्ग पर बनी पुलिया का पटाव पिछले करीब छः माह से टूटा हुआ पड़ा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण रात के समय राहगीरों के नाले में गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, वहीं कई मोटरसाइकिल सवार भी दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, लेकिन पुलिया की मरम्मत नहीं होने से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से रात के समय अंधेरे में टूटा हुआ हिस्सा दिखाई नहीं देने के कारण हादसों का खतरा और बढ़ जाता है।
मौहल्ले वासियो ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका कठूमर के अधिशासी अधिकारी को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र पुलिया की मरम्मत कराकर आवागमन को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।


