विश्व साइकिल दिवस पर निकली जागरूकता रैली, युवाओं ने दिया फिट इंडिया का संदेश
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बुधवार को शाकंभरी रोड पर 'माय भारत, झुंझुनूं' के तत्वावधान में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
रैली को पूर्व प्रोफेसर डॉ. जीएल सैनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि साइकिल न केवल पर्यावरण हितैषी परिवहन का साधन है, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी बेहद उपयोगी है। उन्होंने युवाओं से दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सैनी ने साइकिलिंग के विभिन्न लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे शरीर सक्रिय रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा प्रदूषण में कमी लाने में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के दौर में साइकिल का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
कार्यक्रम प्रभारी सुनील तंवर ने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक क्षमता बढ़ती है, रक्त संचार बेहतर होता है तथा हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है। वहीं एडवोकेट मोतीलाल सैनी ने उपस्थित युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और अधिक से अधिक साइकिल उपयोग करने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद सैनी, यशवंत सैनी, शिशपाल सैनी, अशोक सैनी, महेश सैनी, हिमांशु, चेतन, नक्ष सैनी, प्रिंस सैनी, मुरारीलाल, सुभाष सैनी सहित अनेक युवा एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


