‘खेत बचाओ अभियान’ की रामगढ़ से शुरुआत, प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान

Jun 4, 2026 - 10:54
 0
‘खेत बचाओ अभियान’ की रामगढ़ से शुरुआत, प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान

रामगढ़ (अलवर/अमित भारद्वाज) जिले में ‘खेत बचाओ अभियान’ की शुरुआत बुधवार को रामगढ़ क्षेत्र के ग्राम बगड़ राजपूत से हुई। गांव पर मौजूद  उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमे बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने की ।केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने कृषि गोष्ठी में भाग लेकर अभियान का शुभारंभ किया तथा कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन कर किसानों से संवाद किया। कार्यक्रम में प्राकृतिक और परंपरागत खेती को बढ़ावा देने के साथ रासायनिक उर्वरकों के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताई गई। केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि स्वस्थ खेत और स्वस्थ शरीर, विकसित भारत 2047 की मजबूत नींव हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में 1 जून से 30 जून तक ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर प्राकृतिक और पारंपरिक खेती की ओर प्रेरित करना है।कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए। गुजूकी निवासी किसान महेंद्र कुमार सैनी ने बताया कि पॉलीहाउस, मल्चिंग और वर्मी कम्पोस्ट जैसी तकनीकों को अपनाकर उन्होंने अपनी आय बढ़ाई है।वहीं किसान नवाब सिंह ने मधुमक्खी पालन को अतिरिक्त आय और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि ऐसी सहायक गतिविधियां किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं।कार्यक्रम में करण नरेंद्र कृषि महाविद्यालय  जोबनेर के कुलगुरु प्रो. पुष्पेंद्र सिंह चौहान, आईसीएआर अटारी जोधपुर के निदेशक डॉ. जे.पी. मिश्रा, अतिरिक्त कृषि निदेशक देशराज सिंह सहित कृषि विशेषज्ञों ने अभियान के उद्देश्य और कृषि योजनाओं की जानकारी भी दी।

“धरती को दुख पहुंचा, अब उसे संभालने का वक्त”

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्षों से रासायनिक खादों के अंधाधुंध उपयोग ने खेतों की उर्वरता पर असर डाला है। उन्होंने कहा कि खेत की सेहत और इंसान की सेहत एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। यदि जमीन कमजोर होगी तो उससे पैदा होने वाली फसल भी मानव स्वास्थ्य पर असर डालेगी। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों को वैज्ञानिक तरीके से धीरे-धीरे कम करने और जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

साथ ही कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केवल योजनाओं की जानकारी तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव जाकर किसानों को व्यवहारिक रूप से नई खेती पद्धतियों से जोड़ें।राज्यमंत्री ठाकुर ने कहा कि खेती को केवल फसल उत्पादन तक सीमित नहीं रखा जा सकता। किसानों को बागवानी, पशुपालन, एफपीओ और अन्य सहकृषि गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है, ताकि उनकी आय के नए स्रोत विकसित हो सकें। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

विधायक सुखवंत सिंह ने किया मिट्टी जांच का आह्वान

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे  रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में किसान और कृषि क्षेत्र की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों तथा पशुपालकों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनका लाभ जागरूकता और विभागीय सक्रियता से ही मिल सकता है। विधायक ने किसानों से खेतों की मिट्टी की जांच कराने का आह्वान करते हुए कहा कि वैज्ञानिक खेती और मिट्टी की गुणवत्ता को समझकर ही बेहतर उत्पादन संभव है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि किसानों को केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

अलवर में 100 ग्राम पंचायतों पर रहेगा अभियान का फोकस

कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक पी.सी. मीणा ने जिले की कृषि स्थिति पर प्रस्तुति देते हुए बताया कि अभियान के प्रथम चरण में अलवर जिले की 100 ग्राम पंचायतों को चिन्हित किया गया है, जहां रासायनिक खादों का उपयोग अधिक होता है। इन क्षेत्रों में विशेष रूप से अभियान चलाकर किसानों को वैकल्पिक खेती पद्धतियों से जोड़ा जाएगा।उन्होंने बताया कि जिले में वर्ष 2016 से परंपरागत कृषि विकास योजना संचालित है, जिसके अंतर्गत 34 प्राकृतिक खेती क्लस्टर बनाए गए हैं।इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र नौगांवा, उद्यानिकी विभाग एवं कृषि विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र नौगांवा के प्रधान वैज्ञानिक सुभाष चंद यादव, उद्यानिकी विभाग के उप निदेशक  के.एल मीना,  प्रशासक अजीत सिंह चौहान, रामवतार चौधरी, रामजीलाल यादव, शैलेंद्र चौधरी, के.के मिश्रा, भगवान सैनी, सत्येंद्र सिंह, राजकुमार मिश्रा, सिद्धांत, रामावतार चौधरी, जे.पी जाटव, किसान श्याम लाल, रामु, फूल चंद, घिसा राम, अजीत, किशोर कुमार, सुशील, पवन, नरेंद्र आदि मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................