कागजों में चमकीं सड़कें, धरातल पर सिर्फ गड्ढे: गोविंदगढ़-रामगढ़ -सीकरी-जालूकी मार्ग पर जान जोखिम में डाल रहे वाहन चालक
अलवर के गोविन्दगढ़ क्षेत्र में सड़कों की बदहाली से वाहन चालक परेशान हैं। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के लिए 91 करोड़ 41 लाख रुपये स्वीकृत हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन सड़कें अब भी गड्डों से भरी हुई हैं।
गोविन्दगढ़ से जालूकी, गोविन्दगढ़ से रामगढ़ और गोविन्दगढ़ से सीकरी मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन गड्डों से बचने के प्रयास में वाहन चालक अक्सर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
गोविन्दगढ़ से जालूकी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य भी अभी तक शुरू नहीं हो पाया है, जिसके लिए लगभग 17 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन खराब सड़कों के कारण दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और अलवर सहित अन्य स्थानों पर जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने विधायक सुखवंत सिंह से इन सड़कों को सुधारने की मांग की थी। विधायक ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश भी दिए थे, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
ये स्थिति तब है जब राजस्थान सरकार अपने दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 'सुशासन रथ यात्रा' निकाल कर अपने कार्यों का बखान कर रही है। विधायक और भाजपा कार्यकर्ता इन्हीं खराब रास्तों से विभिन्न स्थानों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन आमजन के सवालों के जवाब में उन्हें केवल 'जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा' का आश्वासन मिल रहा है।