वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध रूप से हरी लकड़ी का परिवहन करते हुए 'किसान बुग्गा' जब्त, तस्करों में हड़कंप
वैर (भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) ) भरतपुर जिले में वन संपदा की सुरक्षा और अवैध कटान को रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उप वन संरक्षक (DCF), भरतपुर के कुशल निर्देशन तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी (नदबई) राजेश शर्मा के नेतृत्व में नाका खेड़ली मोड़ की टीम ने नीम की हरी लकड़ियों का अवैध परिवहन करते हुए एक 'किसान बुग्गा' (जुगाड़ वाहन) को रंगे हाथों जब्त किया है।
- गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई:
खेड़ली मोड़ वन विभाग की वनपाल रेणु बाला मीणा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक किसान बुग्गा में नीम की गीली और हरी लकड़ियों को अवैध रूप से भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त अवैध वाहन को धर दबोचा।
अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ की गई इस सफल छापेमारी कार्रवाई में वनपाल रेणु बाला मीणा के साथ शिवराम (वन विभाग), वनरक्षक आकाश, वनरक्षक धर्मयुग, वनरक्षक परशुराम तथा वन्यजीव प्रेमी शिवराम मुख्य रूप से शामिल रहे।
- भुसावर थाने को सुपुर्द, कानूनी कार्रवाई शुरू:
वन विभाग की टीम ने मौके से जब्त की गई नीम की हरी लकड़ियों और परिवहन में प्रयुक्त 'किसान बुग्गा' को अग्रिम कार्रवाई के लिए भुसावर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। वन विभाग द्वारा वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत बुग्गा चालक के विरुद्ध सख्त विधिक (कानूनी) कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
वन विभाग की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध लकड़ी तस्करों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है। उप वन संरक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियानों में और तेजी लाई जाएगी।


