बयाना-भरतपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार पिकअप ने कार को मारी जोरदार टक्कर, दो लोग गंभीर रूप से घायल
बयाना-भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय
बयाना-भरतपुर सड़क मार्ग पर नगला भांड (सालाबाद) के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार पिकअप और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में कार चालक समेत उसमें सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परीक्षा दिलाकर लौट रहे थे वापस
घायल कार चालक सतीश ने जानकारी देते हुए बताया कि वह भरतपुर के एक होटल में काम करता है। बुधवार सुबह वह अपनी कार से होटल मालिक के परिवार की सदस्य श्वेता (पत्नी आजाद सिंह, निवासी सुभाष कॉलोनी, भरतपुर) को हिंडौन डी-फर्मा का पेपर दिलाने के लिए लेकर गया था। परीक्षा संपन्न होने के बाद दोनों वापस कार से हिंडौन से भरतपुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
परखच्चे उड़े, पिकअप भी पलटी
सतीश के अनुसार, जैसे ही उनकी कार बयाना से आगे नगला भांड के पास पहुँची, सामने से आ रही एक तेज गति की पिकअप ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, जबकि अनियंत्रित पिकअप भी कई पलटे खाते हुए सड़क पर ही पलट गई। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रैफर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस द्वारा बयाना उप जिला अस्पताल पहुँचाया गया। वहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भरतपुर रैफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है।

