शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण, 'पेड़ लगाएं, धरती बचाएं' का दिया संदेश
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव) शाकंभरी रोड स्थित शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, उदयपुरवाटी (झूंझुनू) परिसर में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बाबू लाल मीणा के पावन सांनिध्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बी.एड. प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षणार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए कॉलेज परिसर में पौधे लगाए। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों व विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. बाबू लाल मीणा ने पर्यावरण जागरूकता का आह्वान किया। उन्होंने "पेड़ लगाएं एवं धरती को बचाएं और भविष्य को बेहतर पर्यावरण दें" का संदेश देते हुए कहा कि हम सबको मिलकर पेड़ लगाने का दृढ़ प्रण लेना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. मीणा ने पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और प्रशिक्षणार्थियों का आभार प्रकट किया।
इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक भागीरथ मल सैनी, डॉ. मीनाक्षी सुलोदिया, जितेंद्र प्रसाद, हरि ओम सैनी, राम लाल दर्जी, सुभाष शर्मा सहित अन्य कर्मचारी गण और भावी शिक्षक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


