विश्व पर्यावरण दिवस पर नमो उद्यान में हुआ पौधारोपण, वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान की दिलाई शपथ
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नमो उद्यान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक गोपीचंद मीणा ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि एक पौधा केवल हरियाली ही नहीं देता, बल्कि स्वच्छ वायु, जैव विविधता और जीवन का आधार भी बनता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
पौधारोपण कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष महेंद्र खटीक, नगर पालिका आयुक्त रिंकल गुप्ता, उपाध्यक्ष राजीव कंटिया, पूर्व पार्षद राम प्रसाद रैगर, पार्षद राजकुमार माली, पंकज घारू, सत्यनारायण मीणा, दीपक मीणा, नगर पालिका कनिष्ठ अभियंता ईशान गौतम, प्रखर भारद्वाज, भूदेव आर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण एवं जल बचाने का संदेश देते हुए अधिकाधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया गया।


