व्याख्याता अनीता शर्मा को प्रतिष्ठित ‘आरईईसीसी पर्यावरण पुरस्कार 2026’ से किया गया सम्मानित
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव) राजस्थान एनवायरनमेंट एंड एनर्जी कंजर्वेशन सेंटर (REECC) द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर जयपुर के प्रतिष्ठित होटल क्लार्क्स आमेर में 'विश्व पर्यावरण दिवस शिखर सम्मेलन' का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवमयी समारोह में कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की व्याख्याता एवं प्रख्यात पर्यावरण कार्यकर्ता अनीता शर्मा को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘आरईईसीसी पर्यावरण पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया।
व्याख्याता अनीता शर्मा को यह प्रतिष्ठित सम्मान झुंझुनूं जिले सहित आस-पास के संपूर्ण क्षेत्रों में पर्यावरण चेतना जागृत करने, वृहद् स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा विशेष रूप से रेडियो के सशक्त माध्यम से जन-जन तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाने के उनके उत्कृष्ट, नवोन्मेषी व अनवरत प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है।
समारोह में पूर्व विधायक सीपी जोशी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी समीत शर्मा, और केईआई के सीएमओ गोविंद शर्मा सहित देश-प्रदेश के अनेक वरिष्ठ पर्यावरणविद बतौर अतिथि मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंचासीन अतिथियों ने व्याख्याता अनीता शर्मा के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि रेडियो जैसे जन-माध्यम का प्रभावी उपयोग कर और जमीनी स्तर पर जाकर पर्यावरण के लिए किया गया उनका कार्य न केवल अनुकरणीय है, बल्कि समाज और आज के युवाओं के लिए एक महान प्रेरणा की मिसाल है। अनीता शर्मा को मिले इस राज्य स्तरीय सम्मान पर क्षेत्र के शिक्षाविदों, पर्यावरण प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों ने अपार हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।


