पचलंगी में कुश्ती दंगल: दिल्ली व भिवानी के पहलवानों के बीच मुकाबला रहा बराबरी पर, मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने किया शुभारंभ
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव): उपखंड क्षेत्र के पचलंगी गांव में गांधी जयंती के पावन अवसर पर भव्य कुश्ती दंगल और मेले का आयोजन किया गया। देश के कोने-कोने से पहुंचे महिला व पुरुष पहलवानों ने अखाड़े में अपना शानदार दमखम दिखाया। मेले का शुभारंभ राजस्थान सरकार के यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने फीता काटकर किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उदयपुरवाटी के पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी ने की।
भाईचारे का प्रतीक हैं ऐसे आयोजन: मंत्री खर्रा समारोह को संबोधित करते हुए यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मेलों के आयोजन से समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना मजबूत होती है। इस दौरान मेला कमेटी अध्यक्ष मदनलाल भावरिया, संयोजक जगदीश जाखड़, डॉ. रामकुमार सिराधना व अन्य सदस्यों ने मंत्री खर्रा का शेखावाटी की पारंपरिक संस्कृति के अनुसार साफा व माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
दिल्ली और भिवानी के पहलवानों के बीच मुकाबला रहा रोमांचक कुश्ती दंगल के दौरान दर्शकों को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अंतिम और मुख्य मुकाबला दिल्ली और भिवानी के पहलवानों के बीच हुआ, जो कड़े संघर्ष के बाद बराबरी पर छूटा। वहीं, नेकीराम एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत किए गए ऊंट और घोड़ों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
सांस्कृतिक संध्या और सम्मान समारोह मेले के दौरान क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले कर्मठ कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को मेला कमेटी द्वारा सम्मानित किया गया। दिनभर चली खरीदारी के बाद रात्रि में एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, साथ ही आकर्षक आतिशबाजी ने मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए उदयपुरवाटी थाने के सीआई रामपाल मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मुस्तैद नजर आए। इस दौरान झाड़ाया बालाजी मंदिर के महंत महामंडलेश्वर श्री सीताराम दास महाराज, महावीर यादव, कैप्टन रामनिवास ताखर, डॉ. रामावतार गजराज, लक्ष्मण कुड़ी, मुक्तिलाल, रिछपाल कुड़ी, राहुल बड़सरा, महेंद्र तेतरवाल, सुरेश चोटिया, नथमल टेलर, विकास जांगिड़ और हनुमान यादव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग व ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मेला कमेटी अध्यक्ष मदनलाल भावरिया ने सभी आगंतुक अतिथियों और दूर-दराज से आए ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

