भारत विकास परिषद 'भगत सिंह' शाखा ने सीड बॉल्स फेंककर और पौधारोपण कर मनाया पर्यावरण दिवस
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति की सेवा के संकल्प के साथ भारत विकास परिषद 'भगत सिंह' शाखा द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में एक अनूठा और सराहनीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। परिषद के सदस्यों ने इस दौरान सीड बॉल्स (बीज की गेंदें) फेंकने और बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने का दोहरा अभियान चलाया।
शाखा सचिव मुकेश छीपा ने बताया कि पुर स्थित प्रसिद्ध घाटारानी माता मंदिर क्षेत्र की पहाड़ियों और खुले मैदानों में 100 सीड बॉल्स फेंकी गईं। इन सीड बॉल्स की विशेषता यह है कि आगामी वर्षा ऋतु में पानी मिलते ही ये बीज स्वतः अंकुरित हो जाएंगे, जिससे आने वाले समय में इस पथरीले क्षेत्र में प्राकृतिक रूप से घने पौधे उग सकेंगे।
कार्यक्रम प्रभारी रश्मि काबरा ने जानकारी दी कि अभियान के दूसरे चरण में स्थानीय विद्यालय परिसर में 100 छायादार एवं फलदार पौधे रोपे गए। ये पौधे भविष्य में स्कूल के विद्यार्थियों के लिए शुद्ध हवा, फल और शीतल छाया का वरदान साबित होंगे। खास बात यह है कि परिषद ने केवल पौधारोपण ही नहीं किया, बल्कि इन पौधों को नियमित पानी देने और उनकी सुरक्षित देखभाल करने की पूरी जिम्मेदारी भी खुद ली है।
प्रकृति को बचाने के इस पुनीत कार्य में शाखा अध्यक्ष कुलदीप माथुर, सचिव मुकेश छीपा, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार तुरक्या, संपर्क प्रमुख कमलेश लाठी तथा पर्यावरण प्रभारी अक्षय खंडेलवाल अग्रिम भूमिका में रहे। इस दौरान सावन मालीवाल, जयंत बसेर, प्रकाश जागेटिया, अभिषेक मंत्री, रश्मि काबरा, सुरभी लाठी सहित परिषद के कई अन्य सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे और पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।


